औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा के 75 फुट रोड पर बियर के लिए 50 रुपये नहीं देने पर दो बदमाशों ने राजस्थान के भिवाड़ी निवासी एक बुजुर्ग से मारपीट कर करीब पांच हजार रुपये, सोने की चेन, मोबाइल व बाइक लूट ली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में राजस्थान के भिवाड़ी की आरएचबी कालोनी निवासी राजेश्वर शर्मा ने बताया कि वह किसी परिचित के पास कर्ण कुंज सोसायटी में मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में खडे़ दो युवकों ने उसे रुकवा लिया। एक युवक कहने लगा की हमें बियर लेनी है तथा हमारे पास 50 रुपये कम है, अगर आप हमें 50 रुपये उधार दे दें, बाद में लौटा देंगे। जब उसने मना किया तो एक युवक ने उसकी मोटरसाइकिल को पीछे से पकड़ लिया। वह नीचे उतरा तो एक युवक ने उसकी पेंट की जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें करीब 5 हजार रुपये थे। पर्स छीनने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी बीच एक युवक ने उसकी मोटरसाइकिल पर कब्जा कर लिया तथा चेन व मोबाइल छीनते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गए। उसने वहां से गुजर रहे एक युवक के मोबाइल से सेक्टर-6 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लूटपाट की सूचना पाकर नाकाबंदी की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।