अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी पर बीयर की पेटी लेने के लिए शराब ठेका पर गए युवकों पर एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में युवक बाल-बाल बच गए। आरोपी युवकों का पीछा करते हुए उनके गांव तक पहुंच गए। युवकों ने आरोपी की जम कर धुनाई कर दी तथा उसकी पिस्तौल भी छीन ली। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी से छीनी गई पिस्तौल को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बीकानेर निवासी प्रवीन ने कहा है कि सोमवार को उसके दोस्त गांव धनौरा निवासी लोकेश का जन्मदिन था। रात को करीब 9 बजे वह अपने दोस्त लोकेश, गांव कुंभावास निवासी रिंकू, चिल्हड़ निवासी संदीप कोटकासिम निवासी टिंकू के साथ क्रेटा गाड़ी में खाना खाने के लिए हाईवे स्थित बाबा भारती होटल पर जा रहे थे। रास्ते में वह गांव काकोडिया स्थित शराब ठेका पर बीयर की पेटी लेने के लिए रुक गए। वहां पर ठेका संचालक डोहकी निवासी लोकेश, अलवर के गांव खलीलपुरी निवासी सेल्समैन दीपक व गांव डाबड़ी े से मेहरचंद ने पिस्तौल से गोली चला दी, जिससे वह बाल-बाल बच गया। सभी युवक वापस धनौरा आ गए तथा आरोपी मेहरचंद भी पीछा करता हुआ वहां तक पहुंच गया।
आरोपी को पीटा
गांव धनौरा पहुंचने के बाद युवकों ने आरोपी मेहरचंद को काबू कर लिया तथा उसकी डंडों से जम कर धुनाई कर डाली। युवकों ने शिकायत में कहा है कि यदि वह आरोपी को नहीं रोकते तो वह किसी की भी जान ले सकता था। आरोपी से उनकी कोई रंजिश नहीं है। आरोपी ने युवकों पर फायरिंग क्यों की, यह अभी पता नहीं लग पाया है। युवकों ने आरोपी से छीनी गई देसी पिस्तौल, एक कारतूस व एक खोल पुलिस को सौंप दिया। आरोपी रात को मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्रवीन की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना के एसआई यशवंत सिंह ने बताया कि आरोपी रात को ही मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।