मौसम बदलते ही शहर में एक बार फिर से गो तस्करी के मामले सामने आने लगे हैं। सोमवार की रात सबसे सुरक्षित माने जाने वाले जिला सचिवालय के पास गो तस्कर पिकअप में गोवंश को भर रहे थे, लेकिन पुलिस को खबर तक नहीं थी। गोरक्षकों की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची तो बेखौफ बदमाश पुलिस पर पांच राउंड फायर कर फरार हो गए। हालांकि सात किमी. तक पीछा करने के बाद तस्कर गांव कोनसीवास में घिरे तो चार बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जबकि पिकअप चालक पकड़ा गया। ऐसे में एक बार फिर से शहर सहित जिले भर में रात के समय 51 नाकों पर पुलिस की तैनाती की हकीकत सामने आ गई है। अमर उजाला ने सोमवार को ही पड़ताल कर बताया था कि नाकों पर तैनात पुलिस कर्मी महज खानापूर्ति के लिए खड़े हुए हैं।
गोरक्षक गौरव की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार सोमवार रात गोरक्षा दल के सदस्य गौरव ने फोन पर सूचना दी थी कि गोतस्कर शहर के राजीव चौक से पिकअप गाड़ी में गायों को भर रहे हैं। सूचना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तस्कर बिठवाना की ओर भाग गए थे। गोरक्षा दल के सदस्य उनका पीछा कर रहे थे। इसी दौरान मॉडल टाउन पुलिस भी उनके पीछे लग गई। पुलिस से घिरा देख बदमाश फायरिंग करते हुए बिठवाना, करनावास व सेक्टर-18 होते हुए कोनसीवास की तरफ भाग गए। गांव कोनसीवास में एक बंद गली में जाकर उनकी गाड़ी फंस गई। उसके बाद गोतस्करों ने पुलिस टीम पर पांच राउंड फायर किए, जिसमें पुलिस और गौरक्षा दल के सदस्य बाल-बाल बच गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई के बाद नूंह निवासी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके 4 साथी फरार हो गए। मॉडल टाउन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक पुलिस कर्मी की हो चुकी मौत
शहर में बेखौफ गोतस्करों का आतंक पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहली भी मौसम बदलते ही इस तरह की वारदात शुरू हो जाती हैं। ऐसे में सवाल है कि शहर से बाहर जाने वाले व अंदर आने वाले रास्तों पर किस तरह से हथियारबंद लोग पहुंच रहे हैं, जबकि पुलिस द्वारा संदिग्धों की जांच के लिए सभी नाकों पर तैनाती की बात कही जाती है। बता दें कि कुछ वर्ष पूर्व शहर के पायलट चौक पर गोतस्कर एक पुलिसकर्मी को कुचलकर फरार हो गए थे, बावजूद इसके कोई सबक नहीं लिया गया।
चालक पर पहले भी तस्करी के दो मुकदमे दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किया गए आरोपी के खिलाफ गोतस्करी के दो मामलों में नामजद हैं। पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के बारे में जानने का प्रयास कर रही है। मॉडल टाउन थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि गोतस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।