माडल टाउन थाना पुलिस ने शनिवार की रात को जांच अभियान के दौरान दो युवकों को चोरी की बाइक के साथ काबू किया है। युवकों ने रेलवे स्टेशन से मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार की रात को माडल टाउन थाना पुलिस द्वारा आइओसी चौक पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस पुलिस ने हुडा बाईपास से पायलट चौक की तरफ से बाइक पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख कर दोनों युवकों ने बाइक वापस मोड़ दी तथा भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। पुलिस ने युवकों ने बाइक के कागजात दिखाने के लिए कहा। युवकों के पास बाइक से संबंधित कोई कागजात नहीं थे। युवकों ने अपना नाम गांव बिठवाना निवासी आकाश व सचिन बताया। पूछताछ में पता लगा कि युवकों से बरामद की गई बाइक करीब डेढ़ महीने पहले रेलवे स्टेशन से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी की बाइक रखने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।