बलिदानियों की याद में बाइक रैली निकालते युवा। स्रोत : परिषद
- फोटो : पानी की टंकी की सफाई करते मजदूर।
रेवाड़ी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली देश के अमर बलिदानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को समर्पित रही। रैली का शुभारंभ केएलपी कॉलेज से हुआ। इसके बाद रैली गढ़ी बोलनी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू नहर से होते हुए भगत सिंह की प्रतिमा तक पहुंची।
इस दौरान युवाओं ने मोटरसाइकिलों पर तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ भाग लिया। विभाग संयोजक युधिष्ठिर धनखड़ ने कहा कि बलिदानियों का बलिदान युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। जिला संयोजक तरूण ने भी ऐसे आयोजनों को युवाओं में देशभक्ति जगाने वाला बताया।
नगर अध्यक्ष डॉ. मुकुट अग्रवाल ने कहा कि शहीदों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। प्राचार्या डॉ. कविता गुप्ता, विभाग प्रमुख डॉ. दिनेश शर्मा और जिला प्रमुख डॉ. संजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।