कोसली थाना क्षेत्र के गांव कृष्ण नगर (लूला अहीर) शुक्रवार की शाम को खेत में काम करते समय दो सगे भाइयों में हुए विवाद के बाद बड़े भाई ने तेजधार हथियार से छोटे भाई पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने उसे शहर के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। सूचना के बाद कोसली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गांव कृष्ण नगर निवासी प्रवीण शुक्रवार की शाम को अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई तेजपाल भी खेत में पहुंचा। खेत में काम करने के दौरान दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि झगड़े दौरान प्रवीण ने तेजपाल पर धारदार हथियार हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद परिजनों ने तेजपाल को रेवाड़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद कोसली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया। पुलिस ने घटना स्थल से शराब की बोतलें व बांकड़ी भी बरामद की है।
मेरठ के एक परिवार में दोनों भाइयों की हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि दोनों भाई रिश्ते में साढूूू भी है। दोनों का विवाह मेरठ में हुआ था। बड़े की आयु जहां करीब 27 साल है वहीं छोटा करीब 24 साल का बताया जा रहा है। अभी तक दोनों भाईयों में से किसी को भी संतान नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों ने एक साल पहले आधा एकड़ जमीन बेचकर ट्यूबवेल पर ही घर बनाया था। अक्सर दोनों के बीच में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था।
शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू: एसएचओ
कोसली एसएचओ शिवचरण ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।