शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 71 बी का कायाकल्प किया जाएगा तथा शहर से गुजरने वाले सोहना रोड पर बने डिवाइडरों का सौंदर्यीकरण कर लाईटें भी लगाई जाएगी। सोमवार को सोहना रोड स्थित नगरपालिका परिसर में हुई पार्षदों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त भी शहर के बचे हुए वार्डों में भी बिजली के खंभो पर लाइटें लगाई जाएंगी। नगरपालिका ने इसके लिए दस लाख का बजट पारित किया है। हालांकि बैठक को लेकर कुछ पार्षदों ने अपनी नाराजगी जाहिर की और महज खानापूर्ति करने वाली बैठक बताया।
नगरपालिका सचिव संदीप मलिक ने बताया कि बैठक में शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 71 बी को रोशनी से जगमग किया जाएगा और वार्डों में जहां जहां लाईटें नहीं लगी है वहां शीघ्र ही लाईटें लगवायी जाएगी। इसके अतिरिक्त धारूहेड़ा शहर को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए भी प्रस्ताव पारित किया गया। जिसके लिए पार्षदों की एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जो धारूहेड़ा शहर को खुले में शौचमुक्त बनाने में मदद करेगी। इसके लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर मोबाईल टॉयलेट रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है। जहां जहां लोग खुले में शौच जाते है वहां उनके लिए मोबाईल टायलेट की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त सेक्टर चार व छह की बिजली और पार्को के रखरखाव का जिम्मा भी अब नगरपालिका के पास होगी। इसके अलावा बैठक में अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में सभी पार्षद उपस्थित थे।
वर्जन :-
बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव भी पास किए गए।
प्रेम राव, प्रधान, नगरपालिका
नगरपालिका की बैठक महज औपचारिकता बनकर रह गई। लगभग तीन माह बाद हुई बैठक में कोई महत्वपूर्ण निर्णय नहीं लिया गया। केवल खानापूर्ति करके ही बैठक समाप्त की गई।
सुदेश बोहरा, पूर्व प्रधान, नगरपालिका