भिवाड़ी। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) के प्रबंध निदेशक के सख्त निर्देशों पर भिवाड़ी सर्कल में बकाया बिजली बिल वसूली के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। एक लाख रुपये से अधिक बकाया वाली औद्योगिक इकाइयों और 10 हजार रुपये से ज्यादा बकाया वाली वाणिज्यिक दुकानों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई जारी है।
भिवाड़ी सर्कल राजस्थान में वसूली के मामलों में अग्रणी स्थान पर बना हुआ है। भिवाड़ी सर्कल के अधीक्षण अभियंता जेपी बैरवा ने बताया कि 30 नवंबर तक कुल करीब 38 करोड़ रुपये का बकाया दर्ज था। इसके वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चार प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के कनेक्शन काट दिए गए हैं।
खुशखेड़ा स्टील्स पर 71 लाख रुपये से अधिक, भिवाड़ी आयरन प्राइवेट कंपनी पर 68.51 लाख रुपये, वॉर्म गियर प्राइवेट लिमिटेड पर 80 हजार रुपये और कीर्ति एंटरप्राइजेज पर 2.43 लाख रुपये से अधिक बकाया शामिल है। बैकग्राउंड में कुछ बड़ी कंपनियों ने आंशिक राशि जमा कर सेटलमेंट भी किया है।
वहीं कमर्शियल दुकानों, शॉपिंग मॉल्स व घरेलू उपभोक्ताओं के बकाया पर भी कनेक्शन काटने की कार्रवाई जारी है। वित्तीय वर्ष के अंत तक भिवाड़ी सर्कल में बकाया राशि को शून्य करने का लक्ष्य रखा गया है।
नए साल में बिजली चोरी पर भी सख्ती बढ़ाई जाएगी। जनवरी में विशेष टीमों का गठन कर चोरी मामलों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डिस्कॉम अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि समय पर बिल जमा कर कनेक्शन बहाल करवाएं ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।