रेवाड़ी। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिले के युवाओं से सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर संदिग्ध संपर्कों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के सामने ऐसे मामले आए हैं, जिनमें पाकिस्तान आधारित संदिग्ध खुफिया नेटवर्क से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये भारतीयों से संपर्क कर संवेदनशील जानकारी हासिल करने का प्रयास किया।
एसपी ने कहा कि फर्जी प्रोफाइल बनाकर फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर दोस्ती की जा सकती है। बातचीत बढ़ाकर निजी फोटो, वीडियो, मोबाइल नंबर, लोकेशन या अन्य जानकारी मांगी जा सकती है। भावनात्मक जुड़ाव, निजी बातचीत या हनीट्रैप के जरिये भी व्यक्ति को विश्वास में लेकर जानकारी हासिल करने या ब्लैकमेल करने का प्रयास हो सकता है।
उन्होंने युवाओं को ऑनलाइन नौकरी, वर्क फ्रॉम होम, डेटा एंट्री और ज्यादा कमाई का लालच देने वाले संदिग्ध प्रस्तावों से भी सावधान रहने को कहा। +92 या अन्य विदेशी नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल, संदेश और व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी प्रकार का भुगतान नहीं करने की सलाह दी।
एसपी ने कहा कि सैन्य या सुरक्षा प्रतिष्ठानों की फोटो, वीडियो, लोकेशन, सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी संस्थानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। धार्मिक भावनाओं को भड़काने या देश विरोधी गतिविधियों के लिए प्रभावित करने वाले लोगों से भी दूरी बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि किसी संदिग्ध संपर्क या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। ब्लैकमेल होने पर डरने के बजाय चैट, मोबाइल नंबर और अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखें। देश की सुरक्षा में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल जागरूकता व सावधानी के साथ किया जाना चाहिए।