खोल। पिछले 15 दिनों से पानी की समस्या से त्रस्त गांव कंवाली की महिलाओं ने शुक्रवार को कंवाली से बेरली सड़क मार्ग पर मटके रख कर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि उन्हें पानी नहीं मिल रहा है। कई बार उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जाम लगने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे जन स्वास्थ्य विभाग के जेई ने महिलाओं को आश्वासन देकर जाम खुलवाया। महिलाओं सुनीता, संतरा, सावित्री, कृष्णा, माया देवी, पिंकी देवी, सविता देवी आदि ने बताया कि 15 दिनों से गांव कंवाली के जादम मोहल्ले में लोगों को पानी नसीब नहीं हो रहा है। समस्या की बाबत गांव के सरपंच से लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। कोई सुनवाई नहीं की गई। 15 दिन पहले भी महिलाएं सड़क पर उतरी थी, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। महिलाओं ने बताया कि उन्हे गांव कंवाली के सूरदास मंदिर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। अब वहां से भी पानी लाने के लिए मना कर दिया गया है। आखिर ऐसे में प्यास बुझाने के लिए वह पानी कहां से लाएं। जो पानी लाया जा रहा है, उसमें पीने की ही पूर्ति नहीं होती है। पशुओं का भी बुरा हाल है। महिलाआें ने कहा कि ऐसे मटके लेकर सड़क पर बैठना उनकी मजबूरी बन गया है। इस दौरान कंवाली-बेरली सड़क मार्ग आधा घंटे तक जाम रहा। महिलाओं ने जमकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि अगर शुक्रवार शाम तक पानी नहीं मिला तो वे दूसरे दिन एक बार फिर सड़क पर उतरने को मजबूर होंगी। कोट्सपहले सरकारी ट्यूबवेल पंचायत के अधीन थे और अब विभाग के अधीन हैं। यहां भेजे गए आपरेटर की बदली हो गई है। अब फिर से सरकारी ट्यूबवेलों को पंचायत के अधीन कर दिया गया है। पानी के लिए ग्रामीणों को अब जूझना नहीं पड़ेगा और समय पर पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। - सोमबीर, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग