रेवाड़ी। कोरोना के केस फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं। यह आमजन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। कोरोना पर जीत के लिए लोगों को जागरूक होना पड़ेगा। साथ ही सरकार की गाइडलाइन का पालन करते हुए टीकाकरण की प्रक्रिया को पूर्ण करके कोरोना के खिलाफ सुरक्षा कवच तैयार करना होगा। तभी हम इस पर जीत हासिल कर सकते हैं। कोरोना को लेकर जिले के प्रतिष्ठित (प्रभावी) लोगों ने अमर उजाला के माध्यम से आमजन से कोरोना के प्रति जागरूक रहने और लोगों को जागरूक करने की अपील की है।
टीकाकरण को प्राथमिकता दें नागरिक
कोरोना की गति धीमी पड़ती जा रही है, मगर हमें स्वास्थ्य विभाग के नियमानुसार टीके की डोज लेने में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतनी है। हमें टीकाकरण कराते हुए कोरोना को मात देनी है। इससे बचाव के लिए टीककारण बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना से बचाव के लिए टीका निशुल्क लगाए जा रहे हैं, बारी आने पर टीकाकरण अवश्य कराएं। किसी नागरिक को कोविड के लक्षण हैं तो अपना सैंपल अवश्य दें।
- अशोक कुमार गर्ग-डीसी, रेवाड़ी।
----------
कोरोनाकाल ने लोगों को असहनीय दी हैं यादें
कोरोनाकाल मानव जाति पर बड़ा हमला है। इससे निपटने के लिए सरकार के नियमों की सख्ती से पालना करना और सामाजिक रूप से लोगों में जागरूकता होना बहुत जरूरी है, कोरोनाकाल ने लोगों को असहनीय यादें दी हैं, अब इससे मिलकर मुकाबला करना होगा। लोगों को वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए ओर हल्की खांसी होने पर चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
- नरेंद्र सोनी, समाजसेवी, बावल
----------
टीका पूरी तरह सुरक्षित
कोरोना संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए सरकार द्वारा लोगों को मुफ्त दिए जाने वाला टीका पूरी तरह सुरक्षित है। आम जनता को भी बिना किसी संकोच, भय या शंका के कोरोना मुक्त समाज के निर्माण के लिए स्वयं आगे आकर वैक्सीन लगवानी चाहिए।
-राजेश भार्गव, गायक कलाकार
----------
गाइडलाइन का पालन जरूर करें
कोविड-19 का प्रकोप अभी जारी है। देशभर में लगभग 17 हजार पॉजिटिव केस हर रोज मिल रहे हैं। लोगों से अपील है कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन जरूर करें। जागरूकता के बिना कोई योजना सफल नहीं हो सकती। सभी को इसमें अपना योगदान देना होगा। कोरोना का प्रचार-प्रसार रोकने के लिए टीकाकरण बहुत ही जरूरी है।
- जयप्रकाश, समाजसेवी, बावल
-----------
हर बार जीते हैं, इस बार भी जीतेंगे
कोरोना से बचाव को लेकर लोग सतर्क व सजग रहें। शारीरिक दूरी का पालन करें। घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग जरूर करें। जान है तो जहान है। हर बार जीते हैं, इस बार भी जीतेंगे, कोरोना से डरना नहीं है, लड़ना है। केंद्र पर पहुंच कर कोरोना का टीका अवश्य लगवाना है। वैक्सीन सरकार की ओर से बिल्कुल मुफ्त दी जा रही है।
-आचार्य श्री 108 अतिवीर जी महाराज, श्री दिगंबर जैन मंदिर, नसियाजी, रेवाड़ी
----------
बचाव के सभी उपायों को जरूर अपनाएं
देश में एक बार फिर से बढ़ते कोविड-19 संक्रमण के मामलों के मद्देनजर जिलेवासियों से सतर्क रहने और मास्क पहनने, उचित दूरी का पालन करने और लगातार हाथ धोने जैसे बचाव के सभी उपायों का पालन करने की अपील करती हूं। मास्क लगाना, नियमित अंतराल पर हाथ धोते रहना और बचाव के लिए जो भी जरूरी उपाय हैं, आप उनका पालन करते रहें। टीकाकरण अवश्य कराएं।
- मीनू यादव, महिला
-----------
देश को कोरोना से मुक्त कराने की मुहिम का हिस्सा बनें लोग
सभी समुदाय के 18 वर्ष से ऊपर आयुवर्ग के सभी महिला-पुरुष से अपील है कि किसी भी तरह की बेबुनियाद बातों और अफवाहों पर ध्यान नहीं देते हुए कोरोना से बचाव के लिए टीका शीघ्र लगाएं। वैक्सीन सरकार द्वारा जनहित में बिल्कुल मुफ्त दी जा रही है। वैक्सीन बिल्कुल सुरक्षित है। लोगों को आगे आकर देश को कोरोना से मुक्त कराने की मुहिम का हिस्सा बनना चाहिए।
- हैप्पी, युवा
-------------
समय पर टीका अवश्य लगवाएं लोग
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों से अपील है कि कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। जिन लोगों का दूसरा टीका नहीं लगा है, समय होते ही टीका लगवा लें। मास्क का उपयोग जरूर करें और एक-दूसरे से उचित दूरी बनाए रखे।
- सरजीत सिंह, पूर्व सरपंच, दुल्हेड़ा खुर्द
--------------
गाइडलाइन का पालन करते हुए प्रतिदिन योग करना चाहिए
यह हमारा फर्ज बनता है कि वैक्सीन के प्रति हम सभी को जागरूक करें। वैक्सीन लगवाने के बाद भी हमें कोविड के नियमों की पालना करते रहना चाहिए और शारीरिक दूरी बना कर रखनी चाहिए। वायरस से बचाव के लिए हमें गर्म पानी का प्रयोग करते रहना चाहिए और दूध के साथ कच्ची हल्दी का प्रयोग करनी चाहिए और रोजाना सुबह सैर और योग करना चाहिए।
- रविंद्र भाकली, प्रधान, हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन, रेवाड़ी
-------------
संक्रमण से बचाव के लिए हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं
कोरोना की मार से आज पूरा देश कराह रहा है। उससे हम सभी को मिलकर लड़ने की जरूरत है। लोगों से अपील है कि ऐसे में बहुत आवश्यक होने पर ही घर से निकलें। भीड़ भाड़ वाली जगह पर जाने से बचें। संक्रमण से बचाव के लिए हाथों को साबुन से 20 सेकेंड तक अच्छी तरह धोयें और सैनिटाइजर का प्रयोग अवश्य करें। लोगों को बिना किसी भय के टीका लगवाना चाहिए।
- सतीश मसतान, संगीत एवं नाटकिय कलाकार, गोल्ड मेडलिस्ट, रेवाड़ी