फोटो : 1बालावास में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता। संवाद
रेवाड़ी। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिले के विभिन्न विद्यालयों में जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कबड्डी प्रतियोगिता डीएनपीएस बालावास में व बास्केटबॉल बावल क्षेत्र में संपन्न हुई। बास्केटबॉल स्पर्धा में 14 खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-14 वर्ग में बावल प्रथम व रेवाड़ी की टीम दूसरे स्थान पर रही।
वहीं अंडर-19 वर्ग में रेवाड़ी की टीम विजेता बनी और बावल को दूसरा स्थान मिला। बॉक्सिंग मुकाबले जीएसएसएस नांगल पठानी व खो-खो प्रतियोगिता खेल स्टेडियम बावल में संपन्न हुई।
अंडर-19 वर्ग में बावल की टीम ने प्रथम स्थान पाया जबकि नाहड़ की टीम दूसरे स्थान पर रही। अंडर-17 वर्ग में रेवाड़ी की टीम प्रथम व बावल की टीम द्वितीय रही। प्रतियोगिता के समापन पर सभी खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना की गई। विजेता टीमों को शिक्षा विभाग की ओर से बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त फुटबॉल प्रशिक्षक जसवंत सिंह, सहायक खेल अधिकारी भूपेंद्र यादव, मौलिक शिक्षा खेल अधिकारी सुनील कुमार, फुटबॉल प्रशिक्षक चरण सिंह व संदीप, खेल प्रवक्ता प्रवीण अरोड़ा, डीपीई विक्रम, प्रवक्ता रवि, पीटीआई इंद्रजीत और डीपीई केहर सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
-
सहायक शिक्षा खेल अधिकारी भूपेंद्र यादव ने बताया कि खेल समाप्त होने के तुरंत बाद सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए हैं।