राव तुलाराम स्टेडियम में स्थित बास्केटबॉल कोर्ट। संवाद
रेवाड़ी। शहर के दिल्ली रोड स्थित राव तुलाराम स्टेडियम में बास्केटबॉल के दो कोर्ट बने हैं लेकिन आठ वर्षों से प्रशिक्षक का पद खाली होने के कारण खिलाड़ी इनका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहे हैं। कोच नहीं होने से खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हो रहा है।
स्टेडियम में बने बास्केटबॉल कोर्ट की हालत लगातार खराब होती जा रही है। गोल पोस्ट की जालियां गायब हैं और कोर्ट की सतह कई स्थानों से टूट चुकी हैं। नियमित देखरेख नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बिना प्रशिक्षक के उन्हें खेल की नई तकनीकों और रणनीतियों की जानकारी नहीं मिल पाती। पहले स्टेडियम में नियमित रूप से बास्केटबॉल का अभ्यास होता था, लेकिन प्रशिक्षक न होने के कारण अब कभी-कभार ही कुछ खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। इससे खेल का स्तर भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय खिलाड़ियों का मानना है कि यदि योग्य प्रशिक्षक की नियुक्ति हो जाए तो जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। वर्तमान में मार्गदर्शन के अभाव में प्रतिभावान खिलाड़ी भी अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।
राव तुलाराम स्टेडियम जिले का प्रमुख खेल केंद्र है और यहां बुनियादी सुविधाओं की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद प्रशिक्षक की अनुपलब्धता के कारण बास्केटबॉल गतिविधियां लगभग ठप हो चुकी हैं।
-
विभाग फिर करेगा प्रशिक्षकों की मांग
जिला खेल अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि वर्तमान में जिले में बास्केटबॉल का कोई प्रशिक्षक उपलब्ध नहीं है। विभाग की ओर से समय-समय पर प्रशिक्षकों की मांग भेजी जाती रही है। उन्होंने कहा कि जिन खेलों में कोच नहीं हैं, उनके लिए एक बार फिर मांग भेजी जाएगी।