रेवाड़ी। गांव गुड़ियानी में जन्मे साहित्यकार और मूर्धन्य पत्रकार स्व. बाबू बालमुकुंद गुप्त की 118वीं पुण्यतिथि पर 18 सितंबर को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर स्थित बाबू बालमुकुंद गुप्त पीठ में स्मृति समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में पुस्तक लोकार्पण, बाबू बालमुकुंद गुप्त पुरस्कार वितरण तथा विचार गोष्ठी मुख्य आकर्षण रहेंगे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव शिरकत करेंगे, जबकि अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी करेंगे। यह जानकारी परिषद् के महासचिव साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया ने दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पंचकूला, विश्वविद्यालय की बाबू बालमुकुंद गुप्त पीठ तथा परिषद् के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 18 सितंबर तक जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बाबू बालमुकुंद गुप्त सप्ताह भी मनाया जाएगा।
इस अवसर पर गुप्त जी के पौत्र बिमल गुप्त के सौजन्य से पांच साहित्यकारों को हिंदी और हरियाणवी भाषा में उत्कृष्ट योगदान के लिए बाबू बालमुकुंद गुप्त पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के अनेक साहित्यकारों की नव प्रकाशित कृतियों का लोकार्पण और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अकादमी के हिंदी एवं हरियाणवी प्रकोष्ठ निदेशक डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी, उर्दू प्रकोष्ठ निदेशक डॉ. चंद्र त्रिखा तथा पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. संतराम देशवाल शामिल होंगे। परिषद् के संरक्षक नरेश चौहान ‘राष्ट्रपूत’ स्वागताध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे, वहीं विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. दिलबाग सिंह भी मौजूद रहेंगे।