ग्रामीणों को जागरूक करती नशा मुक्ति टीम। स्रोत : पुलिस
- फोटो : सांकेतिक
रेवाड़ी। पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने गांव नेहरूगढ़ व रामगढ़ खेड़ी में ग्रामीणों को नशे और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान निरीक्षक रामपाल ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर, परिवार और समाज का सबसे बड़ा शत्रु है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर पढ़ाई और खेल पर ध्यान देना चाहिए। कहा कि अगर गांव या आस-पास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को जानकारी दें।
उन्होंने साइबर अपराध के खिलाफ भी जागरूक किया। बताया कि आजकल अपराधी फोन कॉल, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड हासिल करने की कोशिश करते हैं।
ऐसे में सभी को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। किसी भी साइबर ठगी होने पर साइबर राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
इस दौरान ग्रामीणों को यातायात नियमों की भी जानकारी दी और कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना जरूरी है। हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग और यातायात संकेतों का पालन हमारी सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।