संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) रेवाड़ी की ओर से हार्वेस्टिंग हार्मोनी लीगल अवेयरनेस फॉर पॉल्यूशन फ्री फील्ड्स विषय पर विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
डीएलएसए सचिव अमित वर्मा ने बताया कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के मार्गदर्शन में यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला के विभिन्न गांवों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
यह शिविर 11 अक्तूबर को ढालियावास, 15 अक्तूबर राजपुरा आलमगीरपुर, 18 अक्तूबर गोकलपुर, 25 अक्तूबर ढाकिया, 29 अक्तूबर मालाहेड़ा में रहेगा। अमित वर्मा ने बताया कि अभियान में किसानों को पराली जलाने के दुष्परिणाम, पर्यावरणीय कानून, कृषि से संबंधित सरकारी योजनाएं और सहायता के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही, पराली जलाने के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने को बढ़ावा दिया जाएगा। डीएलएसए का यह पहल किसानों को उनके कानूनी अधिकारों और जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए उन्हें सतत और प्रदूषण-मुक्त कृषि अभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।