साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करती पुलिस टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। बुधवार को साइबर क्राइम थाना की टीम ने रेजांगला पार्क में आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एएसआई अरुण व उनकी टीम ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड और अन्य साइबर ठगी के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
इसके अलावा इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, वॉलेट, एटीएम व डेबिट व क्रेडिट कार्ड से जुड़े फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैन, फर्जी वेबसाइट, व्हाट्सएप व फेसबुक हैकिंग, हनी ट्रैप व फर्जी लोन एप से बचाव के उपाय भी बताए गए।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने साइबर टीम का आभार व्यक्त किया।