फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: मिशन बुनियाद और सुपर-100 के लिए कल से शुरू होगा जागरूकता अभियान

Tue, 03 Nov 2026 11:06 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और बेहतर शैक्षणिक अवसरों के प्रति जागरूक करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रम के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 5 नवंबर से होगी। इसके तहत स्कूल स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 12 नवंबर से जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम शुरू होगा।
विज्ञापन

शिक्षा विभाग ने इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग की योजना के अनुसार सातवीं कक्षा में 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों का मिशन बुनियाद के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा।
इसी तरह नौवीं कक्षा में 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को हरियाणा सुपर-100 के लिए पंजीकरण कराना होगा। 60 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी अपनी रुचि के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
विज्ञापन

स्कूल मुखियाओं को पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाने और उनकी परीक्षा में उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के दौरान अधिकृत विकल्प फाउंडेशन के सेंटर कोऑर्डिनेटर स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को दोनों योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके लिए आठवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को एकत्रित कर वीडियो दिखाए जाएंगे और पोस्टर लगाए जाएंगे।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ पंजीकरण में भी सहायता की जाएगी। स्कूल मुखियाओं को विद्यार्थियों का शैक्षणिक रिकॉर्ड तैयार रखने और जागरूकता कार्यक्रम की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलास्तर पर सम्मानित होंगे मेधावी विद्यार्थी
जिलास्तरीय कार्यक्रम में प्रत्येक स्कूल से आठवीं और दसवीं कक्षा के दो-दो टॉपर, उनके अभिभावक, एक शिक्षक और स्कूल प्रबंधन समिति के एक सदस्य को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा हरियाणा सुपर-100 में सफल रहे विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों को सम्मानित किया जाएगा। पिछले वर्ष मिशन बुनियाद में दो या इससे अधिक विद्यार्थियों का चयन कराने वाले स्कूलों के प्राचार्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।

मिशन बुनियाद के लिए पंजीकरण कल से
मिशन बुनियाद के लिए पंजीकरण 5 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा। इसका लेवल-1 परीक्षा 23 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। वहीं सुपर-100 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 5 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके लिए लेवल-1 परीक्षा 16 दिसंबर को होगी। सुपर-100 के प्रवेश पत्र 7 दिसंबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे, जबकि मिशन बुनियाद के प्रवेश पत्र 14 दिसंबर से उपलब्ध होंगे। रेवाड़ी जिले में अभियान के आयोजन के लिए शिक्षा विभाग की ओर से 1.75 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

वर्जन
मिशन बुनियाद और सुपर-100 के तहत विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए सभी स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।-रेनू शर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें