कोसली। राजकीय महाविद्यालय नाहड़ की ओर से रेड क्रॉस के तत्वावधान में इंटरनेशनल यूथ कैंपेन के तहत एचआईवी एड्स पर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने नाहड़ गांव का दौरा किया और रास्ते में मिलने वाले लोगों को एचआईवी एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बीमारी मुख्य रूप से असुरक्षित यौन संबंध बनाने और संक्रमित सुई के प्रयोग से फैलती है। इसके शुरुआती लक्षण सामान्य फ्लू या बुखार जैसे दिखाई दे सकते हैं, जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं।
विद्यार्थियों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि एचआईवी एड्स से बचाव के लिए सुरक्षित यौन संबंध अपनाना आवश्यक है और समय-समय पर जांच करवाते रहना चाहिए। साथ ही, उन्होंने यह भी संदेश दिया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों से भेदभाव नहीं करना चाहिए, बल्कि समाज को उनके प्रति सहयोग और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। इस अभियान ने ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में भी सामाजिक जिम्मेदारी का भाव उत्पन्न किया।