एसआईआर के तहत कार्य करते बीएलओ। संवाद
रेवाड़ी। एडीसी राहुल मोदी ने सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के सफल क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों व शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एडीसी राहुल ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए।
इसमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। स्वीप गतिविधियों के तहत शिक्षण संस्थानों में अभियान को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित किया जाए। इसके साथ लिटरेसी क्लब एवं चुनाव पाठशालाओं के माध्यम से ऐसे युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए जो 1 जुलाई तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदाता बनने के पात्र हों।
वहीं पंचायतों में भी नियमित मुनादी करवाई जाए। इसके साथ-साथ संबंधित विभाग भी आमजन को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर जागरूक करें। उन्होंने जिला के नागरिकों से भी घर-घर आ रहे बीएलओ का पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया।