हाल ही कुछ लोगों की ओर से जिले की सहकारी समितियों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल पर निशाना साधने के फलस्वरूप आधा दर्जन से अधिक अनुसूचित जाति संगठन सहकारिता मंत्री के बचाव में आए हैं। शनिवार को इन संगठनों की संयुक्त बैठक में सहकारिता मंत्री के पक्ष में लामबंद होकर आरोप लगाने वालों को जवाब देते हुए कहा कि नगर परिषद और हुडा में हाल ही अनियमितता के मामले सामने आए, इसका मतलब यह नहीं कि मुख्यमंत्री अनियमितता को बढ़ावा दे रहे हैं।
शहर के रविदास मंदिर में वार्ड-3 के पार्षद प्रवीण चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्षद रमेश मोरवाल, नीरज कुमार, सुरेश शर्मा, गुरु रविदास मंदिर व छात्रावास प्रधान चौधरी हंसराज, माता रमाबाई सामाजिक उत्थान संस्था प्रधान आरपी मेहरा, संत गुरु रविदास विश्व महापीठ प्रधान डॉ. चित्रकुमार सभरवाल, सेवा स्तंभ मॉडल टाउन प्रधान भगतसिंह सभरवाल व हजरस के पूर्व प्रधान आरपी दहिया ने कहा कि प्रदेश सरकार में डॉ. बनवारी लाल एक मात्र अनुसूचित जाति के मंत्री हैं और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की तरह ईमानदार छवि है। जो यहां के कुछ विशेष लोगों को पच नहीं रहा है। ऐसे लोगों को अपनी नापाक हरकतों से बाज आना चाहिए अन्यथा नतीजे गंभीर हो सकते हैं। बैठक में शहर के रामपुरा, कुतुबपुर, बिजलीघर तथा तुर्कियावास, बीकानेर, धारूहेड़ा, हरचंदपुर, कालड़ावास, शहबाजपुर, ढालियावास, हरिनगर, गढ़ी बोलनी व गंगायचा से लोगों ने भाग लेकर सहकारिता मंत्री में विश्वास जताया।