रेवाड़ी। रोडवेज डिपो में करीब 100 कंडम वाहन खड़े हैं, जिनमें से 56 बसों की नीलामी हो चुकी है। कबाड़ी जून में रोडवेज डिपो से बसों को ले जाना शुरू कर देंगे, जिससे डिपो की जगह खाली होगी और रोडवेज को भी कमाई होगी। पिछले दिनों रोडवेज की ओर से ई-बोली लगाई गई थी, जिसमें दिल्ली के 15 कबाड़ियों ने 56 कंडम वाहनों को खरीदा है। इनमें कुछ दूसरे वाहन भी मौजूद थे, लेकिन फर्म ने फिलहाल सिर्फ बसों को ही खरीदा है, अगली बोली में बची हुई सभी बसों के बिकने के आसार हैं। रोडवेज की ओर से पेमेंट मिलते ही कबाड़ियों को 15 दिन का समय दिया जाएगा, जिस दौरान उन्हें बसें ले जानी होंगी।
गौरतलब है कि पिछले कई सालों से रोडवेज बस डिपो में ही कंडम होने वाली बसों को खड़ा किया जा रहा है, जिसके कारण रोडवेज बस डिपो पूरी तरह से बसों से अटा पड़ा है। बस डिपो में करीब 100 के करीब कंडम वाहन हैं। अब नीलामी के बाद जून माह में ही डिपो का अधिकतर हिस्सा खाली हो जाएगा।
बस अड्डे में बनेगी जगह
बसों को रात के समय वहां आसानी से खड़ा किया जा सकेगा। अभी जगह कम थी, इसलिए कई बसों को बस अड्डे में ही खड़ा करना पड़ता था, ऐसे में अड्डे में बस खड़ी करने से सवारियों को परेशानी होती थी। लेकिन अब नीलामी के बाद खाली जगह होने से बसों को खड़ी करने में आसानी होगी। वहीं, यूनियन व कर्मचारी भी लंबे समय से नीलामी की मांग कर रहे थे, क्योंकि कंडम खड़ी बसों से संचालित बसों को इधर-उधर घुमाने में भी परेशानी होती थी।
-
डिपो में खड़ी बसों के लिए ऑनलाइन बोली लगाई गई थी, जिनमें से 56 बसें दिल्ली के 16 कबाड़ियों ने खरीद ली है। पेमेंट आने पर बसों को दिल्ली ले जाया जाएगा।
-नरेन्द्र कुमार, वर्कशॉप मैनेजर, डिपो रेवाड़ी।