नाहड़ स्थित सीएचसी में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच करती गायनोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति यादव।
कोसली। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाहड़ में दो दिवसीय स्वास्थ्य जांच व परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 106 गर्भवतियों की जांच कर दवाएं दी गईं। स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिए गए।
गर्भवतियों के रक्तचाप, वजन, हीमोग्लोबिन, रक्त आदि की जांच की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित रूप से आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां सेवन करने, समय पर टीकाकरण कराने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए जागरूक किया।
गायनोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है।
उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भवतियोंकी पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी, उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, ताकि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान संभावित जटिलताओं को समय रहते रोका जा सके।
डॉ. प्रीति यादव ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व के लिए जागरूकता और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं बेहद जरूरी हैं। शिविर में बनिता, राहुल, जगरोशनी मौजूद रहीं।