संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। कंवाली स्थित हाॅकी मैदान की हालत सुधारने के लिए 9 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति मिली है। अब नक्शा बनवाने के बाद एस्ट्रोटर्फ मैदान बनाया जाएगा। इससे हॉकी खिलाड़ियों को काफी सहूलियत होगी।
हॉकी मैदान को एस्ट्रोटर्फ बनाने के लिए खेल विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौका मुआयना कर चुके हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से एस्ट्रोटर्फ मैदान का निर्माण करने की योजना बनाई गई थी।
मैदान का कुछ हिस्सा मंदिर कमेटी के अधीन होने के कारण काम रुका था। अब यह मैदान पंचायत के नाम है जिससे खेल विभाग को हस्तांतरित होगी। इसके बाद निर्माण प्रक्रिया आरंभ होगी।
कंवाली स्थित हाॅकी मैदान में प्रतिदिन 100 से अधिक खिलाड़ी अभ्यास करने आते हैं। हाॅकी प्रशिक्षक वीरेंद्र सिंह कंवाली के साथ डहीना, गोठड़ा, झाड़ौदा, दिदोली, रामपुरी, मसीत, खेड़ी, जैनाबाद सहित आठ से अधिक गांवों के खिलाड़ियों को अभ्यास कराते हैं। यहां अभ्यास कर 25 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। कई खिलाड़ी खेल कोटे से नौकरी पा चुके हैं।
चोटिल होने का जोखिम कम होगा
एस्ट्रोटर्फ मैदान पूरी तरह समतल होता है। इसमें कृत्रिम घास उगाई जाती है जो साधारण घास की तुलना में अधिक मजबूत होती है। इस घास की मिट्टी के अंदर पकड़ मजबूत होती है जिससे खेल के दौरान नहीं उखड़ती।
इससे जिले के उन हाकी खिलाड़ियों को मदद मिलेगी। इस मैदान पर अभ्यास करने में खिलाड़ियों को सहूलियत होगी। साथ ही चोटिल होने का जोखिम कम होगा।