विजेता टीम को सम्मानित करते आयोजक। स्रोत: स्कूल
रेवाड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बोडिया कमालपुर स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिलास्तरीय कानूनी साक्षरता मिशन के तहत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें पांच खंडों की विजेता टीमों ने भाग लिया। मुख्य राउंड, रैपिड फायर और बजर राउंड में आसियाकी पांचौर सांपली की टीम ने 55 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आसियाकी पांचौर सांपली की टीम ने बावल खंड का प्रतिनिधित्व किया। टीम में ज्योति, प्रीति और सिमरन शामिल रहीं। टीम ने इतिहास प्रवक्ता एवं मेंटर हरपाल सिंह के मार्गदर्शन में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रारंभिक स्क्रीनिंग टेस्ट के बाद सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छह टीमों का मुख्य मुकाबले के लिए चयन किया गया।
केबीसी की तर्ज पर आयोजित प्रतियोगिता में आरटीई, आरटीआई, कन्या भ्रूण हत्या, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, पर्यावरण, स्वच्छता और सांविधानिक मूल्यों सहित 18 कानूनी विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
मुख्य राउंड, रैपिड फायर और बजर राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए आसियाकी पांचौर सांपली की टीम ने 55 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय की टीम अब गुरुग्राम में आयोजित होने वाली मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करेगी। कार्यक्रम के अंत में सीजेएम डॉ. रेणु सोलखे ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।