रेवाड़ी। अनाज मंडी में बाजरे की आवक बढ़ रही है। प्रतिदिन करीब तीन हजार क्विंटल बाजरा मंडी में पहुंचना शुरू हो चुका है। हालांकि इसमें से 90 प्रतिशत आवक प्रदेश की सीमा से सटे राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों से हो रही है। वहीं, जिले के किसानों को सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार है जबकि अधिकारियों को भी खरीद को लेकर आदेश का इंतजार है।
सरकारी खरीद को लेकर मार्केट कमेटी के अधिकारियों का दावा है कि उनकी तरफ से सभी तैयारियां पूरी हैं। मार्केट कमेटी की ओर से दोनों गेटों पर कंप्यूटर व कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू नहीं होने से किसानों को भी प्रति क्विंटल करीब 500 रुपये से 600 रुपये तक कम दामों पर बेचना पड़ रहा है।
जिले की अनाज मंडियों में बाजरे की आवक लगातार बढ़ रही है। फिलहाल प्रतिदिन करीब तीन हजार क्विंटल बाजरा मंडी में पहुंच रहा है। अब तक करीब 30 हजार क्विंटल बाजरे की निजी खरीद हो चुकी है।
मंडी में आने वाले बाजरे में करीब 90 प्रतिशत आवक प्रदेश की सीमा से सटे राजस्थान क्षेत्र से हो रही है। वहीं, सरकारी खरीद शुरू होने को लेकर किसान अभी भी असमंजस में हैं। किसानों को सरकारी खरीद के आदेश जारी होने का इंतजार है। मंडी में इस समय 2250 रुपये से 2400 रुपये तक प्रति क्विंटल का भाव मिल पा रहा है।
मार्केट कमेटी की ओर से सरकारी खरीद शुरू होने की स्थिति में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंडी के दोनों प्रवेश द्वारों पर कंप्यूटर लगाए गए हैं और कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है, ताकि बाजरे की आवक और खरीद से संबंधित रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जा सके। अधिकारियों की ओर से सरकारी खरीद को लेकर आदेश मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
राजस्थान से बढ़ रही आवक
मंडी में बाजरे की बढ़ती आवक का प्रमुख कारण राजस्थान से आने वाला बाजरा है। मंडी में पहुंच रहे कुल बाजरे में करीब 90 प्रतिशत आवक राजस्थान क्षेत्र से बताई जा रही है। सीमा से सटे होने के कारण राजस्थान के किसान अपनी उपज लेकर यहां पहुंच रहे हैं। इसके चलते मंडी में रोजाना बाजरे की मात्रा बढ़ रही है। अभी सरकारी खरीद शुरू नहीं होने के कारण मंडी में किसानों को निजी व्यापारियों के माध्यम से बाजरा बेचना पड़ रहा है। अब तक करीब 30 हजार क्विंटल बाजरे की निजी खरीद हो चुकी है। किसान सरकारी खरीद के तहत निर्धारित समर्थन मूल्य पर बिक्री शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
वर्जन:
मार्केट कमेटी ने बाजरे की संभावित सरकारी खरीद को देखते हुए मंडी में व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। मंडी के दोनों गेटों पर कंप्यूटर लगाए गए हैं। इन पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि मंडी में आने वाली कृषि उपज का रिकॉर्ड दर्ज करने के साथ खरीद प्रक्रिया शुरू होने पर संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। सरकारी खरीद को लेकर मंडी स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी हैं। जैसे ही उच्च स्तर से सरकारी खरीद शुरू करने के आदेश मिलेंगे, प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। किसानों के लिए हर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बिजली, पानी, साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।- नरेंद्र कुमार, सचिव मार्केट कमेटी रेवाड़ी।