बावल। हथियारबंद बदमाशों ने 7 अक्तूबर को क्षेत्र के तीन शराब ठेकों पर बीयर की पेटियां लूट लीं। बदमाश दो कारों और दो बाइकों पर सवार होकर आए थे। आरोप है कि उन्होंने सेल्समैन को पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और ठेकों में तोड़फोड़ भी की। मामले में बावल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब ग्रुप संचालक अलावलपुर निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 अक्तूबर की शाम 8-10 युवक दो वाहनों और दो बाइकों पर सवार होकर पावटी, किशनपुर और नांगल उगरा स्थित उसके ठेकों पर पहुंचे। युवकों के पास डंडे, रॉड और पिस्टल थे। आरोप है कि सबसे पहले पावटी ठेके पर मौजूद सेल्समैन सुमीत पाल को धमकाकर बीयर की पेटी लूट ली गई।
इसके बाद बदमाश किशनपुर ठेके पर पहुंचे और सेल्समैन अवधेश को हथियार दिखाकर बीयर की पेटी लूट ली। यहां ठेके में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है। तीसरे नांगल उगरा ठेके पर सेल्समैन आनंद को हथियार दिखाकर बीयर की पेटी ले जाने के साथ अन्य शराब की पेटी, पेटीएम मशीन और सामान में तोड़फोड़ की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने ठेकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस को फुटेज भी सौंपी गई है। जांच अधिकारी सत्यनारायण ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपियों की तलाश और घटनाक्रम की जांच कर रही है।