संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में लंबे समय से उठ रही किसान सदन की मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ रही है। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव द्वारा विधानसभा स्तर पर उठाए गए इस मुद्दे पर हरियाणा सरकार ने स्वीकृति दे दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा की मंजूरी के बाद अब जमीन विभाग के नाम कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस उपलब्धि पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसडीएओ डॉ. दीपक यादव तथा अरावली किसान क्लब के प्रधान यशपाल खोला के नेतृत्व में किसानों और अधिकारियों ने विधायक निवास पहुंचकर आभार जताया।
इस दौरान किसानों ने अनाज मंडी में सरसों की फसल की खराब स्थिति, फसल बीमा योजना में खामियों और अन्य कृषि समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा। उन्होंने इन मुद्दों के समाधान के लिए सुझाव भी दिए।
वहीं, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि जिले में इसके रकबे को बढ़ाया जाएगा, ताकि आम लोगों को स्वस्थ खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. संजू यादव, डॉ. अनिल लांबा, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अजीत ग्रेवाल सहित अरावली किसान क्लब के भूपेंद्र चौधरी, रामनिवास, बीरसिंह, वीरेंद्र, वेदप्रकाश, महेश कुमार, राजेंद्र प्रसाद और कृपाराम सहित कई सदस्य मौजूद रहे।