संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कृषि विभाग की तरफ से वर्ष 2025-26 के लिए आरकेवीवाई स्कीम के स्माम घटक के अंतर्गत धान फसल अवशेष प्रबंधन सप्लाई श्रृंखला स्थापित करने के लिए 7 अगस्त तक इच्छुक बायोमास इन्डस्ट्रीज, एफपीओ, पंचायत, किसान समूह व व्यक्तिगत किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई से बढ़ाकर अब 7 अगस्त तक कर दी गई है।
सहायक कृषि अभियंता दिनेश शर्मा ने बताया कि योजना में कोई भी बायोमास इंडस्ट्री किसी भी एग्रीगेटर के साथ द्विपक्षीय समझौता सहित आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रोजेक्ट लागत का 65 प्रतिशत भाग विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। इसके अलावा 10 प्रतिशत एग्रीगेटर द्वारा तथा बाकी हिस्सा इन्डस्ट्रीज द्वारा वहन किया जाएगा।
कोई एफपीओ, पंचायत, किसान समूह व व्यक्तिगत किसान यदि द्विपक्षीय समझौते के बिना आवेदन करता है तो प्रोजेक्ट लागत का 35 प्रतिशत हिस्सा खुद ही वहन करना होगा व 65 प्रतिशत भाग विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।
दिनेश शर्मा ने बताया कि इस स्कीम में 3500 एमटी पैडी स्ट्रा प्रति सीजन के लिए एक करोड़ रुपये प्रोजेक्ट लागत तथा 4500 एमटी पैडी स्ट्रा प्रति सीजन के लिए 1.5 करोड़ प्रोजेक्ट लागत तय की गई है।
इस योजना में पैडी सप्लाई चेन के लिए 12 मशीन शामिल की गई हैं, जिसमें रोटरी स्लेशर, टेडर मशीन, रेक, ट्रैक्टर 75-110 एचपी, स्ट्रा बेलर, ट्रैक्टर 50 एचपी, ट्रॉली टेली हंडलर, नमी मीटर, वॉटर टैंक, आग बुझाने का यन्त्र, अरेस्टर मशीन शामिल की गई है।