संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गणतंत्र दिवस-2025 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कारों पद्म विभूषण, पद्म भूषण व पद्मश्री के लिए गृह मंत्रालय की ओर से ऑनलाइन नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 15 सितंबर 2024 है।
डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि नामांकन या अनुशंसा केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएंगी। नामांकन करने वाले व्यक्ति एक व्याख्यात्मक प्रशस्ति-पत्र (अधिकतम 800 शब्द) भी जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की संबंधित क्षेत्र व विषय में विशिष्ट और अनन्य उपलब्धियों व सेवाओं का स्पष्ट उल्लेख हो, प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने बताया कि महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों, दिव्यांग लोगों तथा समाज की निस्वार्थ सेवा करने वाले लोगों में से उन प्रतिभावान व्यक्तियों की पहचान के लिए मिलकर प्रयास किए जाएं, जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में सम्मान की हकदार हैं।