बावल। कृषि विज्ञान केंद्र बावल में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए पांच दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में फल एवं सब्जी प्रसंस्करण, बेकरी, नर्सरी रेजिंग, स्प्रे तकनीक तथा कटाई एवं सिलाई जैसे व्यावसायिक विषय शामिल हैं।
जिले के इच्छुक अभ्यर्थी 16 फरवरी को शाम साढ़े 4 बजे तक अपना आवेदन पत्र कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। केंद्र के समन्वयक डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि आवेदन पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और आठवीं कक्षा का प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
प्रशिक्षणार्थियों का चयन ड्राॅ से किया जाएगा। यह प्रशिक्षण निशुल्क होगा। प्रशिक्षण की अवधि के दौरान नियमित रूप से भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। सहायक सामग्री देने का भी प्रावधान है।
प्रशिक्षण का समय सुबह 9 से शाम साढ़े 4 बजे तक रहेगा। साथ ही अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्होंने या उनके परिवार के किसी सदस्य ने पूर्व में विश्वविद्यालय या कृषि विज्ञान केंद्र की किसी सहायता प्राप्त योजना के तहत प्रशिक्षण न लिया हो।