संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में बीफार्मेसी एवं बीफार्मा लेटरल एंट्री में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। बी फार्मेसी में दाखिले के लिए 30 जून और बीफार्मा लेटरल एंट्री के लिए 1 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
बी फार्मेसी कोर्स में दाखिले के लिए हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसायटी की ओर से 7 से 9 जुलाई व बीफार्मा लेटरल एंट्री में दाखिले के लिए 10 से 11 जुलाई के दौरान प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। अधिक जानकारी हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसाइटी की वेबसाइट पर ली जा सकती ह।
एमफार्म फार्माकोग्नोसी के लिए 27 जून तक आवेदन किए जा सकते हैं। प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि एम.फार्म फार्माकोग्नोसी 2 साल, बी.फार्मेसी 4 साल (आठ सेमेस्टर) और बी.फार्म लेटरल एंट्री 3 साल का कोर्स है।
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय 2016 से बी.फार्मेसी कोर्स संचालित है। विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। फार्मेसी एक ऐसा सेक्टर है जो काफी तेजी से तरक्की कर रहा है। फार्मास्यूटिकल मार्केट उन सेक्टरों में से एक है जिसने पिछले कुछ सालों में काफी ग्रोथ हासिल की है। इसमें करियर के काफी स्कोप हैं। यह कोर्स करने के बाद छात्र विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विभाग जैसे कि हॉस्पिटल फार्मेसी, क्लिनिकल फार्मेसी, रिसर्च सेंटर मेडिकल स्टोर, सेल्स ऐंड मार्केटिंग डिपार्टमेंट, एजुकेशनल इंस्टिट्यूट्स, हेल्थ सेंटर्स आदि में फार्मासिस्ट, ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर, मेडिकल रिप्रेजेन्टेटिव क्लिनिकल रिसर्चर, मार्केट रिसर्च एनालिस्ट, मेडिकल राइटर, एनालिटिकल केमिस्ट, रेग्युलेटरी मैनेजर जैसे उच्च पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान करके उज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। बैचलर ऑफ फार्मेसी में दाखिले के लिए 12वीं संकाय में केमिस्ट्री, फिजिक्स और बायोलॉजी या मैथ्स विषय की योग्यता अनिवार्य है। बी. फार्म लेटरल एंट्री के लिए डिप्लोमा इन फार्मेसी अनिवार्य है।