रेवाड़ी। जिले में रिक्त राशन डिपो के लाइसेंस आवंटित करने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 207 राशन डिपो रिक्त हैं।
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 10 नवंबर तक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राशन डिपो के आवंटन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। वहीं, विधवाओं और तेजाब हमले से पीड़ित महिलाओं को प्राथमिकता देने का प्रावधान भी किया गया है।
डीएफएससी नितीश कुमार सिंगला ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश में कुल 2651 रिक्त उचित मूल्य की दुकानों के लाइसेंस आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसका उद्देश्य पात्र परिवारों को राशन प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को दूर करने के साथ युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 10 अक्तूबर को इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया था।
उन्होंने बताया कि जिले में उपलब्ध रिक्तियों का विवरण खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की वेबसाइट और जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध है। हालांकि गांव लिसाना और डाबड़ी में उचित मूल्य की दुकान के लिए स्थान रिक्त नहीं होने के कारण इन गांवों की रिक्तियां रद मानी जाएंगी।
राशन डिपो के लिए आवेदन करने वाला अभ्यर्थी संबंधित गांव या वार्ड का निवासी और बेरोजगार होना चाहिए। उसकी आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदक का कम से कम 12वीं पास होना और कंप्यूटर का ज्ञान होना जरूरी है। उसकी आर्थिक पृष्ठभूमि भी संतोषजनक होनी चाहिए।
इच्छुक अभ्यर्थी हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया, पात्रता और अन्य शर्तों से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।