संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में विभिन्न व्यवसायों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 जून तक होंगे। दाखिले की प्रक्रिया 4 चरणाें में होगी। पहली मेधा सूची 30 जून को जारी होगी।
निदेशालय की ओर से बताया गया है कि ऑनलाइन पोर्टल पर सभी संस्थानों की सीट व कोर्स से जुड़ी जानकारी अपडेट की गई है। पहले चरण की काउंसिलिंग प्रक्रिया 30 जून से 5 जुलाई तक होगी। दूसरे चरण की काउंसिलिंग 7 जुलाई को होगी।
तीसरे राउंड के लिए रिक्त सीट की जानकारी 16 जुलाई को दी जाएगी। चौथे राउंड के लिए रिक्त सीट की जानकारी 29 जुलाई को दी जाएगी। अभी तक प्लम्बर, वेल्डर, टर्नर, फिटर, विद्युतकार, वायरमैन, पेंटर (जनरल), मैकेनिकल डीजल आदि व्यवसायों में दाखिले के लिए 30 प्रतिशत आवेदन आए हैं।
छात्र पोर्टल पर विभिन्न ट्रेड की जानकारी, सीट की उपलब्धता और आरक्षण की स्थिति देख सकते हैं। इस पोर्टल पर दाखिले से संबंधित सभी जानकारी है। छात्रों की सहायता के लिए सभी संस्थानों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
हेल्प डेस्क पर तैनात शिक्षक विद्यार्थियों के कोर्स चयन और कॅरिअर काउंसिलिंग में मदद कर रहे हैं। जिले में 23 राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हैं। इन संस्थानों में 6000 सीट हैं।
राजकीय आईटीआई रेवाड़ी 588, राजकीय आईटीआई खरखड़ा 172, राजकीय आईटीआई लैदर गुड्स रेवाड़ी 40, राजकीय महिला आईटीआई रेवाड़ी 240 और राजकीय आईटीआई कोसली में 440 सीटें हैं।
-
इन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता
आईटीआई संस्थानों में दाखिले के लिए आवेदन के समय आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, परिवार पहचान पत्र, शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, जाति प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक सहित अन्य दस्तावेज की जरूरी हैं। आवेदकों को शैक्षिक योग्यता, आरक्षण व स्थायी निवास के लिए मूल प्रमाण-पत्रों की स्केन प्रतियां फार्म के साथ ही अपलोड करनी होगी।
वर्जन
आईटीआई संस्थानों में विद्यार्थियों की मदद के लिए अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है। दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून है।-सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रेवाड़ी ।