नशे से दूर रहने की शपथ लेते। स्रोत : कॉलेज
बावल। कृषि महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए नशा मुक्ति जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इसमें 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. नरेश कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया। सत्र में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से गीतमाला और बिंदु ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। कहा कि विद्याथी नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाएं।
वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार, शिक्षा, कॅरिअर और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और वक्ताओं से संवाद भी किया। कार्यक्रम के अंत में अध्यापकों और विद्यार्थियों ने नशा न करने की शपथ ली। एनएसएस समन्वयक डॉ. अमरजीत ने मुख्य वक्ताओं का आभार जताते हुए विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।