संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान योजना 2.0 के तहत 26 जुलाई को जिला सभागार में अंत्योदय मेले का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त तरुण पावरिया की अध्यक्षता में बैठक हुई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि मुख्यालय से विधानसभा क्षेत्र नारनौल के 3093 पात्र लाभार्थियों की सूची प्राप्त हुई है। इन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाना है।
मेले में आने वाले नागरिकों के मार्गदर्शन और सहायता के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। इसके तहत विभिन्न महाविद्यालयों के सहायक प्राध्यापकों की काउंसलर के रूप में ड्यूटी लगाई गई है, जो लाभार्थियों को 19 प्रमुख विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान सभी 19 विभाग अपने स्टॉल लगाकर मौके पर ही लाभार्थियों के आवेदन फॉर्म भरवाएंगे। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने मेले के सफल आयोजन की रूपरेखा साझा की। इस बैठक में तहसीलदार कनीना पायल यादव, इन्वेस्टिगेटर अरुण कुमार, अधीक्षक अरुण चांदना और सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।