भिवाड़ी। खुशखेड़ा-कारौली औद्योगिक क्षेत्र में 16 फरवरी को अवैध पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट और आग की घटना में झुलसे एक और श्रमिक जुन्नू की मौत हो गई। अब मृतकों की संख्या 9 हो गई है।
घटना में गंभीर रूप से झुलसे दो मजदूरों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब वीरवार सुबह करीब 4 बजे घायल जुन्नू ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 90 प्रतिशत झुलसा था। इससे पहले घायल अनूप सिंह (18 वर्ष) बिहार के मोतिहारी निवासी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
फैक्टरी में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे, जबकि यह इकाई गारमेंट फैक्टरी के नाम पर रजिस्टर्ड थी। विस्फोट इतना भीषण था कि कई शव पूरी तरह जलकर सिर्फ कंकाल रह गए थे। शवों की पहचान के लिए फॉरेंसिक लैब में डीएनए टेस्ट कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिए गए। ज्यादातर मृतक बिहार के विभिन्न जिलों से मजदूरी के लिए आए हुए थे।