संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर की ढ़ाई लाख की आबादी को कवर करने वाले कुतुबपुर और राजीव नगर में चल रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर अब मरीजों का दबाव कम होगा। लंबे समय से की जा रही शहर में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग अब पूरी हो चुकी है। शहर के घीसा नगर में शीघ्र नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होगा। अभी यहां के मरीज शिव नगर पार्ट-टू स्थित शहरी हेल्थ एवं वैलनेस सेंटर में इलाज करवा रहे हैं। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से जमीन को लेकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मई में पीएचसी शुरू कर दी जाएगी। इसी प्रकार शहर में दो नए हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर की भी सुविधाएं मिलने लगेंगी। शहर के परशुराम कॉलोनी और दिल्ली रोड स्थित शिवनगर भाग-टू में हेल्थ वेलनेस सेंटर आरंभ हो रहे हैं।
पुराने स्वास्थ्य केंद्र पर कम होगा मरीजों का भार
नियम अनुसार एक पीएचसी पर 50 हजार मरीजों के स्वास्थ्य का जिम्मा होता है। रेवाड़ी शहर की जनसंख्या ढ़ाई लाख से अधिक है। कुतुबपुर और राजीव नगर में एक-एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। यहां मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण छोटी-छोटी बीमारियों की जांच के लिए मरीज नागरिक अस्पताल में पहुंचते हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक और स्टाफ नर्स होंगे तो नागरिक अस्पताल में भी छोटी-छोटी तकलीफों के उपचार के लिए मरीजों की भीड़ नहीं लगेगी।
जिले में 21 होगी पीएचसी की संख्या
जिले में नया पीएचसी बनने के बाद कुल संख्या 21 हो जाएगी। जिसमें भाड़ावास, धारूहेड़ा, गुडियानी, बासदूदा, डहीना, जाटूसाना, फतेहपुरी, टांकड़ी, कसौला, संगवाड़ी, मसानी, गंगायचा अहीर, बव्वा, रत्नथल, सीहा, बोहतवास अहीर, आकेड़ा व लिलोढ़ शामिल हैं। इसके अलावा पांच सामुदायिक स्वास्थ्य (सीएचसी) हैं जिनमें नाहड़, बावल, खोल, गुरावड़ा व मीरपुर शामिल है। रेवाड़ी और कोसली में एक-एक नागरिक अस्पताल संचालित हैं।
चिकित्सक और स्टाफ की जल्द होगी नियुक्ति
घीसा नगर में नए पीएचसी के संचालित होने के बाद नियमित स्टाफ की भी नियुक्ति होगी। अभी अस्थायी रूप से स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी। पीएचसी राजीव नगर में वर्तमान में 15 स्टाफ कार्यरत हैं। इनमें से एक चिकित्सक, एक स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट, नौ एएनएम, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और एक काउंसलर शामिल हैं। इसी प्रकार की नियुक्ति नए पीएचसी में भी होगी।
लंबे समय से लोगों द्वारा नए पीएचसी की मांग की जा रही थी। निदेशालय की ओर से स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही स्टाफ की भी नियुक्ति भी की जाएगी। वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में डेपुटेशन पर स्टाफ लगाए जाएंगे। मई में घीसा नगर में नई पीएचसी आरंभ हो जाएगी। जिससे लोगों को सामान्य बीमारियों के लिए नागरिक अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा।
डॉ. दीपक वर्मा, नोडल अधिकारी।