संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने महिला के बैग से जेवरात व नकदी चोरी करने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहतक के गांव बलहंभा निवासी दीपक के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
गांव मनेठी निवासी एक महिला ने शिकायत में कहा था कि 6 जून 2023 को वह मायके गांव शेरपुर जाने के लिए रेवाड़ी बस स्टैंड से पटौदी वाली बस में बैठी थी। शेरपुर पहुंच कर जब उसने अपना बैग को चेक किया तो उसके जेवरात एवं नकदी बैग में नहीं थे। जो बस अज्ञात व्यक्ति उसके बैग से जेवरात एवं नकदी चोरी करके ले गया है। पुलिस ने शहर थाना में चोरी का मामला दर्ज करके मामले में चार आरोपी मदन उर्फ मोनू, राजू, अजय व राजेश को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी जिला रोहतक के गांव बलहंभा निवासी दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।