रेवाड़ी। पुलिस ने शराब तस्करी के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यूपी के जिला उन्नाव के गांव प्रताप खेड़ा निवासी अमर सिंह उर्फ विक्रम के रूप में हुई है। पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि 10 जनवरी की रात्रि पालावास-हेलीमन्डी रोड पर नाकाबंदी कर वाहन चैकिंग की गई। इस दौरान एक टैंपो से देसी शराब की 240 पेटियां बरामद हुईं। टैंपो चालक अजीत उर्फ जीतू निवासी हरिदास इन्कलेव झाडोदा कलां, नजबगढ़, दिल्ली शराब का परमिट व लाइसेंस नहीं दिखा सका। चालक ने बताया था कि यह शराब पाल्हावास के निकट एक ठेके से भरकर दिल्ली ले जा रहा था। पुलिस ने टैंपों को शराब सहित कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ थाना रोडहाई में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपी अजीत उर्फ जीतू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी अजीत उर्फ जीतू ने बताया था कि वह ठेका संचालक व सेल्समैन अमर सिंह उर्फ विक्रम से मिलकर अवैध शराब तस्करी का काम करता है। मामले में आरोपी सेल्समैन अमर सिंह उर्फ विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया है।