धारूहेड़ा। पुलिस ने मजदूर निसार की हत्या के मामले में एक और आरोपी रामनगर कॉलोनी धारूहेड़ा निवासी करण सिंह को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त गाड़ी व एक बाइक बरामद की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
6 सितंबर को थाना धारूहेड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव भटसाना स्थित एक डेयरी फार्म में एक व्यक्ति का शव दफनाया गया है। इसके बाद धारूहेड़ा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद एक महिला की निशानदेही पर जब मिट्टी हटाई गई तो शव नजर आया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव निकाला गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए नमक, मिट्टी और कपड़े इत्यादि अपने कब्जे में लिए। शव जिला खैरथल-तिजारा (राजस्थान) गांव दमदमा निवासी निसार का था।
8 सितंबर को पिता जमील ने पुलिस को बताया कि निसार 5 सितंबर को मजदूरी के लिए घर से तिजारा गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 4 नामजद आरोपियों सहित उनके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की संबंधित धाराओं के तहत थाना धारूहेड़ा में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।