भिवाड़ी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर लड़की बनकर चैटिंग कर झांसा देने और अपहरण व लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य लुहादेरा निवासी अभिषेक उर्फ बच्ची को गिरफ्तार किया है।
भिवाड़ी थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि 22 दिसंबर की रात 12:45 बजे मनीष कुमार और उनके दोस्त अंकित कुमार एक मॉल से काम करके लौट रहे थे। अचानक एक कार उनके सामने आकर रुकी। कार से तीन युवक उतरे और जबरदस्ती मनीष व अंकित को अपनी कार में बैठाकर ले गए।
अपहरणकर्ता दोनों पीड़ितों को सुबह 4-5 बजे तक भिवाड़ी और आसपास इलाकों में घुमाते रहे। मारपीट की और डरा धमकाकर उनके बैंक खातों से करीब 38 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में दोनों को एक होटल के पास छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित मनीष ने अपहरणकर्ताओं की बातचीत से उनके नाम पता किया तो एक का नाम राहुल निवासी विरामपुर, दूसरे का नाम अभिषेक और तीसरे का नाम महेंद्र सोनी निवासी तिजारा सामने आया।
थानाधिकारी ने बताया कि पहले आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार किया गया था। वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई थी। अब अन्य सहयोगी अभिषेक उर्फ बच्ची को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ और जांच जारी है।