रेवाड़ी। नगर में एक भवन निर्माता कंपनी की ओर से तैयार किए जा रहे फ्लैट का कब्जा नहीं देने से नाराज निवेशकों ने गढ़ी बोलनी रोड पर धरना शुरू कर दिया। साथ ही कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और मुख्य द्वार तक बंद दिया गया। घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद कंपनी के एक प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और धरना दे रहे लोगों के बीच ही बैठ गए। उन्होंने यह आश्वासन दिया कि फ्लैट बनकर तैयार हो चुके हैं। सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें कब्जा दे दिया जाएगा। इसके बाद वे शांत हो गए।
आदित्य, संजय, मनोज, गुरुमुख, हितेष और अरविंद ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2015 में कंपनी की पॉलिसी के अनुसार फ्लैटों के लिए आवेदन किए थे। कंपनी निर्माता ने उन्हें आश्वासन दिया था कि निर्माण के बाद उन्हें वर्ष 2020 में कब्जा दे दिया जाएगा। इसके बाद से ही वह लगातार चक्कर लगा रहे हैं, परंतु उन्हें आज तक फ्लैटों का कब्जा नहीं मिला है। उनका कहना है कि अधिकतर आवेदकों ने बैंकों से लोन लेकर फ्लैटों की किस्त चुकाई है। इसके बावजूद उन्हें समय पर फ्लैट नहीं दिए जा रहे हैं। 8 मई को उन्हें आश्वासन दिया गया था कि 30 सितंबर तक कब्जा देने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, परंतु यह अवधि जाने के बाद भी कब्जा नहीं दिया गया है।
हमारे पास अभी तक मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। - रणसिंह, थाना प्रभारी मॉडल टाउन।