रेवाड़ी। गत दिवस गुरुग्राम के सेक्टर-29ए स्थित हुडा जिमखाना में भारतीय बॉडी बिल्डर्स संघ (मुंबई) के सानिध्य व हरियाणा बॉडी बिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें एशियन बॉडी बिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्ट्स फेडरेशन के महानिदेशक अमित स्वामी को बॉडी बिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्ट्स के खेलों के प्रति प्रशंसनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। अमित स्वामी को मेडल ऑफ आनर और भारतीय बॉडी बिल्डर्स संघ (मुम्बई) के कार्यकारी उपाध्यक्ष पदमश्री अर्जुन व महाराजा रणजीत पुरस्कार विजेता प्रेमचंद की ओर से गोल्ड मेडल पहना कर सम्मानित किया गया।
अमित स्वामी ने कहा कि वे बेहद अभिभूत हैं और भविष्य में भी वे बॉडी बिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्टस के उत्थान, विकास, प्रचार एवं प्रसार के अपने प्रयत्न निरंतर जारी रखेंगे। इस अवसर पर हरियाणा बॉडी बिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चौ. अनूप सिंह उपस्थित थे। इसमें देशभर के राज्यों तथा स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कुल 25 लाख रुपये विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप वितरित किए गए।