प्रतियोगिता के दौरान एकजुट विद्यार्थी व शिक्षक। कॉलेज
रेवाड़ी। राजकीय कन्या महाविद्यालय में बीएससी फिजिकल साइंस एवं लाइफ साइंस की छात्राओं के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ग्रीन केमिस्ट्री और जलवायु परिवर्तन विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें करीब 50 छात्राओं ने भाग लिया। इसमें अमीषा ने पहला, हिमानी बोरा ने दूसरा और हिमांशी व प्रीति ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं को विज्ञान एवं समाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन केमिस्ट्री तथा केमिस्ट्री एवं जलवायु परिवर्तन जैसे समसामयिक विषय दिए गए। छात्राओं ने पोस्टरों के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वैज्ञानिक एवं सामाजिक प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण में ग्रीन केमिस्ट्री की भूमिका और जलवायु परिवर्तन में रसायन विज्ञान के योगदान को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ज्योति यादव ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जागरूकता और अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं को विज्ञान और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
निर्णायक मंडल में डॉ. जयश्री, डॉ. योगेश, प्रीति और शीतल शामिल रहीं। प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय वर्ष लाइफ साइंस की अमीषा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी तृतीय वर्ष फिजिकल साइंस की हिमानी बोरा द्वितीय और बीएससी द्वितीय वर्ष लाइफ साइंस की हिमांशी व प्रीति संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के आयोजन में सुनील कुमार तोबड़िया, ज्योति यादव, वर्षा रानी, नीरू, मनीषा, अनुपमा और दीपिका का योगदान रहा। महाविद्यालय परिवार ने विजेता और प्रतिभागी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।