संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के 16 पटवारियों की तरफ से 15 निजी सहायक रखने का खुलासा हुआ है। एक पटवारी पर इंतकाल, फर्द व बच्चों के डोमिसाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में पैसे मांगने का आरोप है।
करीब 15 पटवारियों पर राजस्व रिकाॅर्ड की नकल फीस नक्शा, खसरा, गिरदावरी, इंतकाल की नकल, पुराना राजस्व रिकार्ड कॉपी देने के कार्यों में भ्रष्टाचार व निजी सहायक रखने का आरोप है। इनमें से एक पटवारी ने तो दो निजी सहायक कार्य करने के लिए रखे हुए थे।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य वित्त आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव की तरफ से डीसी को पत्र जारी कर कहा गया है कि इन पटवारियों द्वारा जमीन के खाते तकसीम करवाने, पैमाइश, इंतकाल, रिकाॅर्ड दुरुस्त करने व नक्शा आदि बनवाने के नाम पर भ्रष्टाचार किया जाता है। सहायक के तौर पर रखे गए प्राइवेट व्यक्ति इनके इलाकों के तौर पर भी कार्य करते हैं।
सैकड़ों लोग अपने जमीन संबंधी कार्य करवाने के लिए पटवारियों के पास जाते हैं। इन पटवारियों की ओर से बार-बार एतराज लगाकर आमजन को परेशान किया जाता है। इससे लोगों को मजबूरन इन्हें शुल्क देना पड़ता है।