रेवाड़ी। डीसी व जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने कहा कि बूथ स्तर अधिकारी 24 जुलाई तक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इस तिथि तक मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्था का कार्य भी पूरा किया जाएगा। ऐसे में सभी मतदाता गणना प्रपत्र बीएलओ के पास जल्द जमा करें।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए मतदाता सत्यापन का कार्य जारी है। बूथ स्तर अधिकारी 24 जुलाई तक सत्यापन करेंगे। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन शुक्रवार 31 जुलाई को होगा। 31 जुलाई से रविवार 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। दावों और आपत्तियों का निस्तारण शुक्रवार 31 जुलाई से सोमवार 28 सितंबर तक किया जाएगा। 3 अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।