जाट आरक्षण आंदोलन के चलते रेल-सड़क मार्ग बाधित रहने के बाद बुधवार को जिले के सभी मार्गों से पर बस एवं ट्रेन सेवाएं सभी मार्गों पर चलनी शुरू हो गई है।
12 फरवरी से बंद रेवाड़ी-रोहतक सड़क मार्ग पर भी बुधवार को बसों को संचालन शुरू हो गया है। वहीं रेवाड़ी जंक्शन की सभी छह रेलवे लाइनों में से झज्जर-रोहतक को छोड़कर सभी ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। ट्रेनों में पूजा एक्सप्रेस अभी नहीं चल रही है।
बता दें कि शनिवार से लेकर मंगलवार तक सभी छह लाइनें बंद पड़ी हुई थी। दोनों मार्गों के बंद होने के कारण लोगों भारी समस्याओं को सामना करना पड़ रहा था। कुछ लोगों को जहां पर शादियों तक को कैंसिल करना पड़ा, वहीं आर्थिक रूप से सक्षम लोग चॉपर से दुल्हन लेकर आए। हालात इतने खराब थे कि आंदोलनकारी जरूरतमंदों को भी जाने नहीं दे रहे थे। आंदोलन से जिले में व्यापार और अन्य कार्य प्रभावित हुए हैं।
बारह दिनों के बाद खुला रेवाड़ी-रोहतक सड़क मार्ग
रोहतक में चल रहे जाट आंदोलन के कारण एतिहात के तौर पर रोडवेज सर्विस 12 फरवरी को ही रोहतक के लिए बंद कर दी गई थी। रोहतक में संचार सेवाओं के ठप होने के कारण बच्चों से संपर्क टूटने के चलते लोग बच्चों से दूर हो गए थे। आंदोलन के हिंसात्मक होने के बाद तो लोगों की चिंता और बढ़ गई थी।
रेल सेवाएं हुई बहाल
शनिवार को पूरी तरह से ठप हो चुकी, रेल सेवाएं बुधवार को बहाल हो गई। इससे पिछले चार दिनों से रेलवे स्टेशन पर ट्रेन चलने की राह तक रहे यात्रियों को सबसे ज्यादा सुकून मिला। पिछले चार दिनों से जंक्शन पर बैठे यात्री असामाजिक तत्वों का शिकार बन रहे थे।
ट्रेन चलने की आशा में बैठे यात्रियों के पर्स और मोबाइल चोरी होने की खबर अमर उजाला ने प्रमुुखता से प्रकाशित की थी। रेल यात्री पर्स और मोबाइल चोरी होने के कारण परिजनों को फोन नहीं कर पा रहे थे। वहीं मंगलवार को रेलवे प्रशासन की ओर से सभी लाइनों के ट्रॉयल के बाद ही बुधवार को ट्रेनों का संचालन कर दिया गया।
वर्जन-
झज्जर-रोहतक को छोड़कर बुधवार को सभी लाइनों पर पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। इस मार्ग पर भी ट्रॉयल किया जा रहा है,जल्द ही यहां पर ट्रेन चलने लगेंगी।
-सदानंद धूसिया, एसएस, रेलवे ,रेवाड़ी