रेवाड़ी। प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने वीरवार को अधिकारियों और माजरा के ग्रामीणों के साथ एम्स निर्माण को लेकर बैठक की। इस दौरान मंत्री ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निर्माण के लिए जमीन खरीद को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व माजरा गांव के लोगों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि एम्स निर्माण से प्रदेश के साथ राजस्थान के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
माजरा गांव को विश्व के नक्शे पर मिलेगी पहचान
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि एम्स के निर्माण के बाद माजरा गांव का नाम विश्व के नक्शे पर अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि इलाके के विकास के लिए माजरा के लोगों ने रुख नरम रखा तथा यह प्रोजेक्ट मिल गया। यदि माजरा के लोग जमीन देने के लिए आगे नहीं आते तो यह प्रोजेक्ट हाथ से निकल जाता। उन्होंने कहा कि माजरा में एम्स के निर्माण से रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, झुंझुनू व अलवर जिला के लोगों को लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त नीमराना, भिवाड़ी व बावल की कंपनियों में कार्य करने वाले लाखों लोगों को भी इसका फायदा होगा। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के राजनीतिक सचिव रवि यादव ने कहा कि जिला प्रशासन, राव इंद्रजीत सिंह व डॉ. बनवारी लाल ने एम्स निर्माण के लिए जो प्रयास किए वह सराहनीय है। इसके चलते ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान बनने जा रहा है।
माजरा के ग्रामीण खुलकर आए आगे : डीसी
डीसी यशेन्द्र सिंह ने माजरा गांव के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि इस गांव के लोग अच्छे हैं, जो एम्स प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीन देने के लिए दिल खोलकर आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि एम्स के निर्माण से यहां के लोगों को फायदा होगा। बैठक में एसडीएम रेवाड़ी रविन्द्र यादव, नायब तहसीलदार अजय, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के राजनैतिक सचिव रवि यादव के अलावा माजरा गांव के यशु प्रधान, जितेंद्र यादव, देशराज सरपंच, परिक्षत, विनोद, दिलबाग, नरेंद्र आचार्य, विपिन कुमार, विकास कुमार, सुखबीर पूर्व सरपंच, बलवान सिंह, रामनरेश, मंजीत कुमार, नरेश कुमार, महेन्द्र सिंह, रोहताश पंच व माजरा गांव के अन्य लोग मौजूद रहे।