रेवाड़ी। जिले के राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों (धामलावास व लिसाना) में डिप्लोमा इंजीनियरिंग व डिप्लोमा लेटरल एंट्री (सेकंड ईयर) की खाली सीटों पर दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 सितंबर कर दी गई है।
राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश पाने के इच्छुक उन विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है जो किसी कारणवश दाखिला नहीं ले पाए थे तथा अंतिम तिथि बढ़ने के इंतजार में थे। अब राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान धामलावास व लिसाना में दैनिक आधार पर उपलब्ध रिक्त सीटों पर मैनुअल काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।
राजकीय पॉलीटेक्निक धामलावास के प्रधानाचार्य विजय सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तिथि बढ़ाई गई है। ऐसे विद्यार्थियों को भी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में प्रवेश नहीं ले सके।
उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर उपलब्ध सीटों पर शीघ्र प्रवेश लेने का आह्वान किया। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के माध्यम से बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रवेश की तिथि बढ़ाई गई है।
स्नातक में दाखिले बंद, अब सितंबर में ओपन हो सकता है पोर्टल
हरियाणा के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से संचालित सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष पाठ्यक्रमों में लेट फीस के साथ दाखिले की प्रक्रिया 23 अगस्त को पूरी हो गई। इस तिथि तक भी ज्यादातर कस्बा के कॉलेजों में दाखिले की स्थिति बेहतर नहीं है। अभी भी 30 फीसदी तक सीटें खाली गई थी। ऐसे में अब भी कॉलेजों की तरफ से फिर से पोर्टल ओपन कराने के लिए पत्र भेजे गए हैं। ऐसे में अब जिन विद्यार्थियों ने दाखिला नहीं लिया है, उनके लिए इंतजार के अलावा कोई विकल्प नहीं है। विद्यार्थियों को उम्मीद है कि सितंबर माह में पोर्टल खोला जा सकता है। क्योंकि पिछले वर्ष भी सितंबर में फिर से पोर्टल रि-ओपन हुआ था।